अपराधी बन गए विजय-सम्राट..,तेजस्वी यादव का बड़ा हमला —बिहार में लोकतंत्र नहीं गन-तंत्र

तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा राजनीतिक हमला बोलते हुए नीतीश कुमार सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। बिहार विधान मंडल परिसर के बाहर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध इस हद तक बढ़ गया है कि अब यहां लोकतंत्र नहीं बल्कि “गन-तंत्र” का माहौल बन गया...

अपराधी बन गए विजय-सम्राट..,तेजस्वी यादव का बड़ा हमला —बिहार में लोकतंत्र नहीं गन-तंत्र

तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा राजनीतिक हमला बोलते हुए नीतीश कुमार सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। बिहार विधान मंडल परिसर के बाहर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध इस हद तक बढ़ गया है कि अब यहां लोकतंत्र नहीं बल्कि “गन-तंत्र” का माहौल बन गया है।

राज्य में अपराधी पूरी तरह बेखौफ 
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधी पूरी तरह बेखौफ हैं और उन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि मौजूदा एनडीए शासन में अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे खुद को “विजय-सम्राट” समझने लगे हैं। इस दौरान उनका इशारा राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्रियों की ओर था और उन्होंने अप्रत्यक्ष रूप से सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाया।

 भाजपा पर निशाना 
इतना ही नहीं उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने के लिए बीजेपी पूरी तरह जिम्मेदार है। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि वे अब पहले जैसे मजबूत और स्वतंत्र फैसले लेने वाले नेता नहीं रहे। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी उन्हें कठपुतली बनाकर सरकार चला रही है और मुख्यमंत्री की स्थिति कमजोर हो चुकी है।

राजनीतिक मजबूरी को दर्शाता है
तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि पहले नीतीश कुमार गृह विभाग अपने पास रखते थे ताकि कानून-व्यवस्था पर सीधा नियंत्रण बना रहे, लेकिन अब उन्हें यह विभाग भी बीजेपी को सौंपना पड़ा है, जो उनकी राजनीतिक मजबूरी को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में आम लोग डर और असुरक्षा के माहौल में जी रहे हैं।उन्होंने आगे कहा कि जो भी व्यक्ति या नेता अपराध के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे ही प्रताड़ित किया जाता है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। इस दौरान उनका इशारा पप्पू यादव के खिलाफ हुई कार्रवाई की ओर था।तेजस्वी यादव ने अंत में कहा कि मौजूदा सरकार खुद गुंडे की तरह व्यवहार कर रही है । सरकार विपक्ष के सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्ष को दबाने और परेशान करने में लगी है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
.