भोजपुरी स्टार्स की बढ़ती सियासी नजदीकी:, पवन -मैथिली के बाद अब अक्षरा सिंह सुर्खियों में,गिरिराज सिंह से मुलाकात ने बढ़ाया सियासी सस्पेंस
बिहार में चुनावी माहौल गर्म है और भोजपुरी सिनेमा के सितारे लगातार सियासी गलियारों में सक्रिय दिख रहे हैं। हाल ही में पावर स्टार पवन सिंह ने दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद मैथिली ठाकुर के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा है। अब भोजपुरी की लोकप्रिय सिंगर और एक्ट्रेस अक्षरा सिंह की केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात ने राजनीति में नए सस्पेंस को जन्म....

बिहार में चुनावी माहौल गर्म है और भोजपुरी सिनेमा के सितारे लगातार सियासी गलियारों में सक्रिय दिख रहे हैं। हाल ही में पावर स्टार पवन सिंह ने दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद मैथिली ठाकुर के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा है। अब भोजपुरी की लोकप्रिय सिंगर और एक्ट्रेस अक्षरा सिंह की केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात ने राजनीति में नए सस्पेंस को जन्म दे दिया है।
गिरिराज सिंह से मुलाकात पर अक्षरा सिंह का बयान
दरअसल अक्षरा सिंह ने सोशल मीडिया पर गिरिराज सिंह के साथ तस्वीर साझा की है। तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा “आज माननीय गिरिराज सिंह जी से शिष्टाचार मुलाकात और आशीर्वाद प्राप्त हुआ।”हालांकि, यह मुलाकात दिल्ली में हुई या बिहार में — इस पर अक्षरा ने कुछ स्पष्ट नहीं किया। बस इसी एक लाइन ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है।सोशल मीडिया पर यूजर्स के बीच तरह-तरह के कयास लग रहे हैं। किसी ने लिखा – “लगता है पवन सिंह के खिलाफ टिकट मिलने वाला है।” वहीं, कुछ लोग इसे सिर्फ “औपचारिक मुलाकात” बता रहे हैं।
अक्षरा सिंह के पिता का बयान
अक्षरा सिंह के पिता इंद्रजीत सिंह ने बेटी के बीजेपी में शामिल होने की बात से साफ इनकार किया है। उन्होंने कहा “हमारा पूरा परिवार भाजपा का कैडर वोटर है। मनोज तिवारी और रवि किशन से पुराना संबंध है। जहां तक गिरिराज सिंह से मुलाकात की बात है, तो वो हमारे पारिवारिक रिश्तों का हिस्सा है। राजनीतिक चर्चा से उसका कोई संबंध नहीं है।”उन्होंने आगे कहा कि “लोकसभा चुनाव से पहले कई दलों से ऑफर जरूर मिले थे, लेकिन अक्षरा का फोकस अभी फिल्मी करियर पर है। जब वक्त आएगा तब राजनीति में आएगी।”
सियासी रंग पकड़ती दिख रही है
हाल के दिनों में भोजपुरी कलाकारों और राजनीति की नजदीकी बढ़ती दिख रही है।जहां पवन सिंह, मैथिली ठाकुर, खेसारी लाल यादव जैसे स्टार्स का नाम चुनावी चर्चा में है, वहीं अब अक्षरा सिंह की यह मुलाकात भी सियासी रंग पकड़ती दिख रही है।बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब अक्षरा सिंह का नाम किसी राजनीतिक दल से जोड़ा गया हो।गौरतलब हो कि 27 नवंबर 2023 को अक्षरा सिंह अपने पिता के साथ जनसुराज के मंच पर नज़र आई थीं। उस समय उन्होंने प्रशांत किशोर (PK) की पहल की सराहना की थी, जिसके बाद उनके जनसुराज में शामिल होने की चर्चा तेज हुई थी।