कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की 'पलायन रोको..नौकरी दो' यात्रा का समापन आज, सीएम हाउस तक करेंगे मार्च, सचिन पायलट भी होंगे शामिल
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की 'पलायन रोको, नौकरी दो' पदयात्रा आज राजधानी पटना में समाप्त होगी। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार इस दौरान 5 हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करेंगे। राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम व कांग्रेस नेता सचिन पायलट भी इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं।सभी जिलों की परेशानी को लेकर मांग पत्र तैयार की गई है। जिसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार....

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की 'पलायन रोको, नौकरी दो' पदयात्रा आज राजधानी पटना में समाप्त होगी। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार इस दौरान 5 हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करेंगे। राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम व कांग्रेस नेता सचिन पायलट भी इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं।सभी जिलों की परेशानी को लेकर मांग पत्र तैयार की गई है। जिसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सौंपने का कन्हैया कुमार का प्लान है।
हमलोग सीएम से मिलने का प्रयास करेंगे-कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने कहा, 'हमलोग सीएम नीतीश कुमार से मिलने का प्रयास करेंगे। इस पलायन यात्रा के दौरान सभी जिलों की परेशानी को लेकर मांग पत्र तैयार की गई है। इसे हम मुख्यमंत्री को सौंपने की कोशिश करेंगे। 'पलायन रोको, नौकरी दो' यात्रा की शुरुआत 16 मार्च को पश्चिम चंपारण के भितिहरवा गांधी आश्रम से हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य बेरोजगारी और पलायन के खिलाफ आवाज उठाना था।'
बीजेपी क्यों नहीं बोलती है-कांग्रेस नेता
उन्होंने आगे कहा बिहार से पलायन हो रहा है, यह हकीकत है। इसे रोकना चाहिए। इस मुद्दे पर आमसहमति होनी चाहिए। केंद्र में 10 लाख और बिहार में2.75 लाख सरकारी पद खाली हैं। वक्फ बोर्ड के मुद्दे पर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। बीजेपी परिवारवाद पर सवाल करती है। गृहमंत्री अमित शाह अपने बेटे को आईसीसी का चेयरमैन बना देते हैं। इस पर बीजेपी क्यों नहीं बोलती है।
शाम के समय पदयात्रा में शामिल हुए थे
गौरतलब हो कि कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की पदयात्रा गुरुवार को राजधानी पटना पहुंची थी। इस यात्रा की शुरुआत गुरुद्वारा से सुबह 10 बजे हुई। उससे पहले सुबह 8:30 बजे सदाकत आश्रम कैंप में झंडोत्तोलन किया गया। 11:30 बजे गुरु का बाग कमेटी हॉल में विश्राम के बाद शाम 4:30 बजे यह यात्रा फिर से शुरू हुई। कांग्रेस अधिवेशन में शामिल होने के कारण कन्हैया सुबह में इस यात्रा में शामिल नहीं हो पाए थे। शाम के समय पदयात्रा में शामिल हुए थे।
राहुल गांधी भी शामिल हुए थे
वहीं इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी 7 अप्रैल को पलायन रोको, नौकरी दो पदयात्रा में शामिल होने के लिए बेगूसराय पहुंचे थे। इस दौरान राहुल गांधी ने 2019-21 के बीच पेंडिंग सेना भर्ती के कई अभ्यर्थियों से मुलाकात की थी। इसके साथ ही उन्होंने कई महिलाओं से भी बातचीत की थी।‘पलायन रोको, नौकरी दो’ पदयात्रा में राहुल गांधी के साथ बड़े संख्या में युवा पैदल मार्च करते नजर आए थे। राहुल गांधी ने बेगूसराय पहुंचकर सुभाष चौक से पदयात्रा की शुरुआत की थी। राहुल गांधी कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लगभग 1 किलोमीटर पैदल चले थे।