पटना में सुबह-सुबह एनकाउंटर! कुख्यात सूर्या डॉन को लगी गोली, NMCH में भर्ती

बिहार की राजधानी पटना बुधवार की सुबह गोलियों की आवाज़ से गूंज उठी। गायघाट इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस और कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ ‘सूर्या डॉन’ के बीच आमना-सामना हो गया। कुछ ही मिनटों में तीन राउंड फायरिंग हुई और आखिरकार सूर्या डॉन के पैर में गोली लगी। घायल हालत में उसे तुरंत इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH....

पटना में सुबह-सुबह एनकाउंटर! कुख्यात सूर्या डॉन को लगी गोली, NMCH में भर्ती


बिहार की राजधानी पटना बुधवार की सुबह गोलियों की आवाज़ से गूंज उठी। गायघाट इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस और कुख्यात अपराधी राजीव कुमार उर्फ ‘सूर्या डॉन’ के बीच आमना-सामना हो गया। कुछ ही मिनटों में तीन राउंड फायरिंग हुई और आखिरकार सूर्या डॉन के पैर में गोली लगी। घायल हालत में उसे तुरंत इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया गया है।

कैसे हुई मुठभेड़?
सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि सूर्या डॉन गायघाट इलाके में छिपा हुआ है और एक नाविक से रंगदारी वसूलने पहुंचा है। सूचना मिलते ही एसटीएफ और आलमगंज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी।पुलिस को देखते ही सूर्या डॉन ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। इसी दौरान उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

आपराधिक इतिहास
राजीव कुमार उर्फ सूर्या डॉन खाजेकला थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उस पर डकैती, लूट, चोरी, अवैध हथियार रखने और रंगदारी जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में थी।मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों का निरीक्षण किया। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया।

नए साल का पांचवां एनकाउंटर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, साल की शुरुआत से अब तक यह पांचवां एनकाउंटर है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पटना पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।हालांकि, सुबह-सुबह हुई इस मुठभेड़ से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल भी देखा गया।