बिहार में बढ़ी कड़ाके की ठंड: कई जिलों में तापमान 8°C, घना कोहरा और पछुआ हवा ने बढ़ाई मुश्किलें
बिहार में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे कनकनी ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक मौसम भले सामान्य रहेगा, लेकिन रात के तापमान में गिरावट जारी रहने के कारण ठंड का एहसास और तेज होगा। पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ने....
बिहार में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे कनकनी ने लोगों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक मौसम भले सामान्य रहेगा, लेकिन रात के तापमान में गिरावट जारी रहने के कारण ठंड का एहसास और तेज होगा। पछुआ हवा की रफ्तार बढ़ने से ठिठुरन और बढ़ सकती है। अगले 24 घंटों में हवा की गति 30 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
घने कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें, रेल यातायात प्रभावित
बता दें कि सुबह कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी घट गई। इसका असर रेल सेवाओं पर भी साफ दिखा। पटना जंक्शन पर सात ट्रेनें लेट रहीं, चार ट्रेनों को रद्द किया गया, एक ट्रेन का समय बदला गया। वहीं बेतिया में पिछले 24 घंटों में सबसे घना कोहरा रिकॉर्ड हुआ, जबकि पटना में भी सुबह कुहासा छाया रहा। शेखपुरा राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.4°C दर्ज किया गया।
बिहार में शीतलहर नहीं, लेकिन ठंड का असर कम होने वाला नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक शीतलहर चलने की संभावना नहीं है और वारिश की भी कोई उम्मीद नहीं है। अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर-नीचे हो सकता है। राजधानी पटना में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। पछुआ हवा की वजह से रात का तापमान गिरता जा रहा है और अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान करीब 10°C रहने का अनुमान है। सुबह शाम चलने वाली हल्की लेकिन ठंडी हवा सिहरन बढ़ा देगी, जबकि दिन का तापमान सामान्य से लगभग 2 डिग्री कम रह सकता है।।
कनकनी, कोहरा और बर्फीली हवा
राज्यभर में तापमान गिरने के साथ-साथ ठिठुरन बढ़ रही है। आने वाले दिनों में सुबह-शाम की ठंड और तेज होगी। हल्की धूप मिलेगी। कोहरा अगले 48 घंटों में और घना हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे रात और सुवह विशेष सावधानी बरतें, गर्म कपड़े पहनें, यात्रा के दौरान फॉग लाइट्स का प्रयोग करें और सेहत का ध्यान रखें। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसम रवी फसलों के लिए अनुकूल है। अगले कुछ दिनों की ठंड और कोहरा फसलों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाएंगे, इसलिए किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है।













