Nitish Kumar Oath Ceremony 2025: NDA की भव्य जीत के बाद नीतीश कुमार 10वीं बार लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ,पीएम मोदी होंगे शामिल
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद 74 वर्षीय नीतीश कुमार एक बार फिर राज्य की कमान संभालने जा रहे हैं। वह गुरुवार सुबह 11:30 बजे अपने 10वें कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नीतीश कुमार लगभग 19 साल 93 दिन तक बिहार की सत्ता में रह चुके हैं और वे राज्य के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं। देशभर में भी वे सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद संभालने....
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद 74 वर्षीय नीतीश कुमार एक बार फिर राज्य की कमान संभालने जा रहे हैं। वह गुरुवार सुबह 11:30 बजे अपने 10वें कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नीतीश कुमार लगभग 19 साल 93 दिन तक बिहार की सत्ता में रह चुके हैं और वे राज्य के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं। देशभर में भी वे सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नेताओं की सूची में शुमार हो चुके हैं।
गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण के लिए पटना के गांधी मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 11 राज्यों के मुख्यमंत्री और कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई बड़े भाजपा नेता मौजूद रहेंगे।समारोह सुबह 11 बजे शुरू होगा जबकि प्रधानमंत्री मोदी 10:45 बजे हेलिकॉप्टर से गांधी मैदान पहुंचेंगे। सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी SPG के हाथों में है। एनडीए की ओर से सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।कुल 18 मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। इसमें मुख्यमंत्री समेत जदयू के 7, भाजपा के 8 और लोजपा (आर), रालोमो और हम के 1-1 मंत्री हो सकते हैं।
NDA विधायक दल की सर्वसम्मति
गौरतलब हो कि बुधवार (19 नवंबर 2025) को हुई NDA विधायक दल की बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुना गया, जिसके बाद उनके 10वें कार्यकाल का रास्ता साफ हो गया। वहीं बात करें सीएम नीतीश की तो मार्च 2000 से शुरू हुई उनकी राजनीतिक यात्रा में केवल मई 2014 से फरवरी 2015 तक जीतन राम मांझी मुख्यमंत्री रहे, बाकी समय राज्य की बागडोर नीतीश के हाथ में रही।बता दें कि बिहार की 243 सीटों में से 202 सीटें जीतने वाले इस गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी के 89 और जनता दल (यूनाइटेड) के 85 विधायक शामिल हैं। इसके अलावा, इसमे चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 19, हिंदुस्तान आवामी मोर्चा (सेक्युलर) के पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के चार विधायक शामिल हैं।













