BPSC परीक्षा कैलेंडर से TRE-4 गायब, शिक्षक अभ्यर्थियों में आक्रोश — आंदोलन की चेतावनी

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा वर्ष 2026 तक आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किए जाने के बाद शिक्षक अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। वजह है—पूरे परीक्षा कैलेंडर में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का कहीं भी उल्लेख नहीं होना। इससे हजारों अभ्यर्थियों में गुस्सा और निराशा दोनों गहराती......

BPSC परीक्षा कैलेंडर से TRE-4 गायब, शिक्षक अभ्यर्थियों में आक्रोश — आंदोलन की चेतावनी

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा वर्ष 2026 तक आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किए जाने के बाद शिक्षक अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। वजह है—पूरे परीक्षा कैलेंडर में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का कहीं भी उल्लेख नहीं होना। इससे हजारों अभ्यर्थियों में गुस्सा और निराशा दोनों गहराती जा रही है।

TRE-4 पूरी तरह गायब 
सोमवार को जारी BPSC के इस परीक्षा कैलेंडर में 70वीं, 71वीं और 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CCE), न्यायिक सेवा (APO), तकनीकी, प्रशासनिक पदों समेत 50 से अधिक भर्तियों की संभावित तिथियां शामिल हैं। इसके अलावा विशेष शिक्षक, सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी जैसी भर्तियों का भी जिक्र किया गया है, लेकिन TRE-4 पूरी तरह गायब है। इसी को लेकर शिक्षक अभ्यर्थी सवाल उठा रहे हैं कि क्या सरकार जानबूझकर शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को टाल रही है।

जमीनी स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं 
अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार ने पहले एक लाख से अधिक शिक्षक पदों पर भर्ती का वादा किया था, जिसे बाद में घटाकर लगभग 26 हजार कर दिया गया। अब स्थिति यह है कि सरकार उतनी वैकेंसी देने को भी तैयार नजर नहीं आ रही। छात्र संगठनों का कहना है कि सरकार सिर्फ घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस पहल नहीं हो रही।

शिक्षा मंत्री ने सफाई देते हुए कहा... 
हालांकि, इस मुद्दे पर शिक्षा मंत्री ने एक इंटरव्यू में सफाई देते हुए कहा था कि बिहार देश का पहला राज्य है, जहां दो वर्षों में 2.70 लाख शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया था कि यह पूरी तरह सरकारी भर्ती प्रक्रिया है, जिसमें रोस्टर क्लीयरेंस अनिवार्य होता है। मंत्री के अनुसार, चुनाव के कारण भर्ती प्रक्रिया में देरी हुई। फिलहाल आधे जिलों से रोस्टर क्लीयरेंस मिल चुका है, जबकि शेष जिलों का इंतजार किया जा रहा है। रोस्टर क्लीयरेंस मिलने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग आरक्षण नियमों के तहत आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा।

 25 हजार शिक्षक पदों पर भर्ती की संभावना
 उन्होंने यह भी कहा था कि इस बार लगभग 25 हजार शिक्षक पदों पर भर्ती की संभावना है और विषयवार जरूरतों का आकलन किया जा रहा है। मंत्री ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया था कि जनवरी के बाद TRE-4 की प्रक्रिया शुरू होगी।वहीं, TRE-4 को लेकर छात्र नेता खुशबू पाठक ने सरकार और आयोग पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा,“हम पिछले दो साल से TRE-4 का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार कान में तेल डालकर सोई हुई है।”उन्होंने ऐलान किया कि 9 फरवरी को पटना में बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत पटना कॉलेज से होगी और आंदोलन के दौरान विधानसभा घेराव भी किया जाएगा।बता दें कि TRE-4 को लेकर बढ़ता असंतोष अब सड़कों पर उतरने को तैयार है। ऐसे में सवाल यही है—क्या सरकार और BPSC शिक्षक अभ्यर्थियों की नाराजगी दूर करने के लिए जल्द कोई ठोस कदम उठाएंगे, या फिर यह मुद्दा और बड़ा आंदोलन का रूप लेगा।