पटना में रिश्वतखोर राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार, 1 लाख लेते रंगे हाथ पकड़ा गया

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पटना जिले के मसौढ़ी अंचल अंतर्गत भदौरा मौजा में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी राजा कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया ....

पटना में रिश्वतखोर राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार, 1 लाख लेते रंगे हाथ पकड़ा गया

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पटना जिले के मसौढ़ी अंचल अंतर्गत भदौरा मौजा में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी राजा कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

जमीन से जुड़े काम के बदले मांगी जा रही थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्व कर्मचारी राजा कुमार पर जमीन के दाखिल-खारिज और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के बदले अवैध रूप से रिश्वत मांगने का आरोप था। पीड़ित व्यक्ति ने इसकी लिखित शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की थी। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।

रंगे हाथ दबोचा गया आरोपी
पूर्व नियोजित योजना के तहत जैसे ही राजस्व कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत स्वीकार की, निगरानी टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी कर्मचारी को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से जमीन से जुड़े मामलों में अवैध वसूली कर रहा था।

भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।बता दें कि इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य सरकारी कर्मचारियों में भी खलबली मच गई है। फिलहाल आरोपी राजस्व कर्मचारी राजा कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।